
सड़कें कागजों में बनीं, मौके पर नहीं; ठेकदार को किया करीब 20 लाख का भुगतान!
पंचायत समिति रामसर की ग्राम पंचायत सज्जन का पार में बिना काम किए ही फर्म को भुगतान करने का मामला आया सामने
ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर बड़े स्तर पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत ने ठेकेदार की फर्म डेजर्ट कंस्ट्रक्शन कंपनी को कई सड़क निर्माण कार्यों के नाम पर भुगतान किया है, लेकिन मौके पर इन कार्यों का कोई अस्तित्व ही नहीं है।
दस्तावेजों के अनुसार, ठेकेदार की फर्म को दिनांक 22 जुलाई 2026 को करीब 20 लाख रुपये का भुगतान किया गया। हैरानी की बात यह है कि संबंधित फर्म की निविदा (टेंडर) की समयावधि समाप्त होने के बाद भी भुगतान किया गया।
ग्राम पंचायत द्वारा ठेकेदार को इन सड़कों का भुगतान किया है हैं, जो अभी तक मौके पर है नहीं —
इंटरलॉकिंग सड़क : ग्रेवल सड़क से रतना के घर तक, भवन से इनायत के घर तक, सीसी सड़क से रोशन के घर तक।
ग्रेवल सड़क : गांव की गली में 500 मीटर, डामर रोड से मांगलियों की ढाणी तक, डामर रोड से बरकत की ढाणी तक, इनायत के घर से मुस्ताक के घर तक।
इन कार्यों सहित अन्य कार्यों के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान होने के बावजूद मौके पर निर्माण कार्य नहीं मिलने के आरोप गंभीर सवाल खड़े करते हैं। आखिर बिना निर्माण कार्य हुए भुगतान किस आधार पर किया गया? कार्यों का सत्यापन किसने किया और भुगतान की स्वीकृति किस अधिकारी ने दी?
इस पूरे मामले में पंचायत समिति के अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। सहायक अभियंता जुगता राम की कथित मिलीभगत की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Barmer, Barmer | Nov 8, 2026