मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे सीमावर्ती तनोट माता मंदिर, किए दर्शन-पूजन
भाई दूज पर BSF की महिला जवानों के बीच भाई बनकर पहुंचे मुख्यमंत्री, जवानों से मुलाकात कर बढ़ाया हौसला
जैसलमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने तनोट माता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री का यह दौरा भाई दूज के अवसर पर विशेष महत्व रखता है। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवानों के साथ भाई दूज का त्योहार मनाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री महिला जवानों से मुलाकात कर उनके साथ स्नेह और अपनत्व साझा करेंगे। सरहद की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाली महिला जवानों के बीच मुख्यमंत्री भाई की भूमिका में पहुंचकर त्योहार की खुशियां बांटेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे।
गौरतलब है कि पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में भीषण गर्मी, तपती धूप और विषम परिस्थितियों के बावजूद BSF की महिला जवान पूरी मुस्तैदी के साथ देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात रहती हैं। ऐसे में भाई दूज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री का महिला जवानों के बीच पहुंचना उनके प्रति सम्मान, संवेदना और आत्मीयता का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान प्रकट करने का भी अवसर है। वापसी मे जैसलमेर के एक होटल मे कार्यकर्ताओ से करेंगे मुलाक़ात.
Barmer, Barmer | Nov 11, 2026