
इंग्लैंड में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम का जलवा, केंद्रीय गृह मंत्री ने खिलाडिय़ों को किया सम्मानित
दिव्यांग क्रिकेट टीम की इंग्लैंड में शानदार जीत, भिवानी में होगा नागरिक अभिनंदन : सुरेंद्र लोहिया
विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा : दिव्यांग खिलाडिय़ों की जीत दिव्यांग युवाओं के लिए प्रेरणादायक
भिवानी, 27 अगस्त : भारतीय मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड की धरती पर अपने अद्भुत खेल और जीवटता से देश का परचम लहराया है। इस ऐतिहासिक इंग्लैंड दौरे पर भारतीय खिलाडिय़ों के शानदार और यादगार प्रदर्शन से न केवल देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है, बल्कि फिजिकल चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीसीसीएआई) के पदाधिकारियों और प्रशंसकों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहत हुए देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय दल को दिल्ली स्थित गुजरात भवन में आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस खास मौके पर पीसीसीएआई के महासचिव रवि चौहान और कॉरपोरेट अफेयर्स चेयरमैन राजेश भारद्वाज के नेतृत्व में खिलाडिय़ों ने गृह मंत्री से मुलाकात की।
समारोह में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीएआई) के शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाते हुए दिव्यांग क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य और इसे प्रशासनिक व बुनियादी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग का सकारात्मक भरोसा दिलाया। पीसीसीएआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, उपाध्यक्ष रमेश सैनी व कोषाध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि जिस तरह से देश के शीर्ष नेतृत्व से हमारे खिलाडिय़ों को सम्मान और प्रोत्साहन मिला है, उससे हम सभी बेहद गौरवान्वित और भावुक हैं। गृह मंत्री द्वारा मिला यह सम्मान हमारे खिलाडिय़ों के हौसले को नई बुलंदियों पर ले जाएगा।
अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, उपाध्यक्ष रमेश सैनी व कोषाध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि इस दौरे पर पीसीसीएआई के 6 होनहार खिलाडिय़ों की मौजूदगी ने भारतीय टीम को जबरदस्त मजबूती प्रदान की। विशेष रूप से क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर पीसीसीएआई के खिलाड़ी माजिद मारगारी ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा की अमिट छाप छोड़ी और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खिलाडिय़ों के इस अद्वितीय प्रदर्शन को याद करते हुए सुरेंद्र लोहिया ने घोषणा की है कि पीसीसीएआई जल्द ही भिवानी में एक भव्य समारोह आयोजित कर सभी विजेता खिलाडिय़ों का नागरिक अभिनंदन और सम्मान करेगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में दिव्यांग क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए खेल से जुड़ी सभी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर आकर मिलकर काम करने की आवश्यकता है। पीसीसीएआई ने दिव्यांग क्रिकेट को लगातार बढ़ावा देने के लिए बीसीसीआई के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की उम्मीद जताई।
महासचिव रवि चौहान की लगन, ईमानदारी और कड़ी मेहनत की तारीफ करते हुए लोहिया ने कहा कि आने वाले समय में संजय गोयल, रमेश सैनी और अन्य पदाधिकारी मिलकर भारत में दिव्यांग क्रिकेट के विस्तार को नई दिशा देंगे। भिवानी के विधायक एवं पूर्व मंत्री घनश्याम सराफ ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि इंग्लैंड दौरे की यह सफलता देश के करोड़ों दिव्यांग युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जिससे आने वाली पीढ़ी में देश के लिए खेलने का नया उत्साह जागेगा।