
सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी
आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें : जिलाधिकारी
सहयोग शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से जिलाधिकारी ने किया संवाद, लिया फीडबैक
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने आज डुमरा प्रखंड के ग्राम पंचायत विशनपुर स्थित मनरेगा भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन एवं शिकायतों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को अविलंब सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य, आवास तथा अन्य जनसेवा से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
शिविर में उपस्थित लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से प्राप्त फीडबैक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी, सरल एवं सुगम तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविर में कई आवेदनों का निष्पादन स्वयं जिलाधिकारी के द्वारा ऑन द स्पॉट किया गया। जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने शिविर में उपस्थित कई लाभार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए फीड बैक भी लिया ।
सहयोग शिविर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar