बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
लखीसराय समाहरणालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित वादों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों से संबंधित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा उनके हितों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए। साथ ही संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बच्चों के पुनर्वास, संरक्षण एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सहायक निदेशक वंदना पाण्डेय, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष मोहन सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।