
एकलव्य विद्यालय झिरन्या की अनुराधा का एमबीबीएस में चयन
________________
गांव की पहली बेटी बनेगी डॉक्टर, शासकीय मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में मिला प्रवेश
________________
मेहनत और लगन से अनुराधा ने हासिल किया मुकाम, परिवार व विद्यालय में खुशी का माहौल
________________
अनुराधा की सफलता से गांव की बेटियों को मिलेगी प्रेरणा
________________
खरगोन 25 अगस्त 2026। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय झिरन्या की सत्र 2024-25 की कक्षा 12वीं की छात्रा अनुराधा पुत्री श्री हीरालाल रावत ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अनुराधा का चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज, छिंदवाड़ा में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय के साथ ही पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
अनुराधा अपने गांव की पहली बेटी हैं, जिन्होंने डॉक्टर बनने की दिशा में सफलतापूर्वक कदम बढ़ाया है। सीमित संसाधनों के बीच निरंतर मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। अनुराधा की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी है।
अनुराधा के पिता श्री हीरालाल रावत ने उनकी सफलता का श्रेय विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेखा रानी चौहान सहित सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को मिले मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण ने अनुराधा को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेखा रानी चौहान एवं समस्त शिक्षकों ने अनुराधा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनुराधा की सफलता गांव की आने वाली बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
विद्यालय परिवार ने ईश्वर से कामना की कि अनुराधा एक सफल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करें और अपने परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें।
#JansamparkMP #khargone