
नपा कर्मचारियों पर महिला से मारपीट और पैसे छीनने का आरोप
एफआईआर नहीं होने पर फुटपाथ दुकानदारों ने लगाया जाम
छतरपुर। शहर में नगर पालिका के उडऩदस्ता कर्मचारियों पर सब्जी की दुकान लगाने वाली एक महिला के साथ देर रात मारपीट करने और उसके पास रखे पैसे ले जाने के आरोप लगे हैं। घटना होमगार्ड कार्यालय के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगाए महिला का नगर पालिका के उडऩदस्ता कर्मचारियों से विवाद हो गया। महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारी संतोष रैकवार, उमेश बोहत, अंकित रजक, राहुल बाल्मीकि और नरेश प्रजापति शराब के नशे में थे और उन्होंने उसके साथ मारपीट की। महिला का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद कर्मचारी उसके पास रखे पैसे लेकर चले गए।
घटना के बाद महिला ने मामले में पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। हालांकि, एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज फुटपाथ दुकानदारों में आक्रोश फैल गया।
इसके विरोध में बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार सड़क पर उतर आए और सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दुकानदारों का कहना है कि फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले गरीब लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से महिला की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर जांच करने की मांग की है।