
विजय अग्निहोत्री पहले अपनी और भाजपा की नाकामियों का जवाब दें, फिर स्पाइस पार्क पर राजनीति करें : विवेक कटोच
कांग्रेस नेता विवेक कटोच ने पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री के बयान को तथ्यों से परे और राजनीतिक निराशा का परिचायक बताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को झूठे आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस स्पाइस पार्क को लेकर आज विजय अग्निहोत्री मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सवाल उठा रहे हैं, उसी स्पाइस पार्क परियोजना को सबसे बड़ा नुकसान प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार की उदासीनता के कारण हुआ। भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस परियोजना के लिए समय पर भूमि उपलब्ध नहीं करवाई गई, जिसके कारण सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा स्वीकृत करवाए गए स्पाइस पार्क की केंद्र से आई 17 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी वापस चली गई। यह न केवल नादौन बल्कि पूरे जिला हमीरपुर के किसानों के साथ बहुत बड़ा अन्याय था।
विवेक कटोच ने कहा कि विजय अग्निहोत्री को यह भी बताना चाहिए कि जब केंद्र और प्रदेश दोनों जगह उनकी सरकार थी, तब किसानों के हितों से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए विजय अग्निहोत्री ने प्रयास क्यों नहीं किया । आज उसी विफलता को छिपाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सवाल उठाना राजनीतिक अवसरवाद से अधिक कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दोबारा धरातल पर उतारने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश सरकार स्पाइस पार्क परियोजना को पुनर्जीवित करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है ताकि हमीरपुर और विशेषकर नादौन क्षेत्र के किसानों को मसाला उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के क्षेत्र में नए अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि विजय अग्निहोत्री का इतिहास रहा है कि जब कोई परियोजना सुखविंदर सिंह सुक्खू आगे बढ़ाते है तो पहले उसका विरोध करते है और बाद में उसके पूरा होने पर श्रेय लेने की होड़ लग जाती है। आज विजय अग्निहोत्री स्पाइस पार्क पर व्यंग्य कर रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में जब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में यह परियोजना धरातल पर साकार होगी, तब यही भाजपा नेता यह कहते नजर आएंगे कि हमने केंद्र की मदद से स्पाइस पार्क बनवाया गया।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर भी भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा को बार-बार श्रेय लेने की राजनीति छोड़नी चाहिए।
विवेक कटोच ने कहा कि भाजपा नेताओं को किसानों की योजनाओं पर राजनीति करने के बजाय यह जवाब देना चाहिए कि उनके कार्यकाल में हमीरपुर के किसानों की इस महत्वाकांक्षी योजना का जो किसानो के लिए वरदान थी का नुकसान क्यों हुआ और स्पाइस पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों तक कागजों में क्यों पड़ी रही। प्रदेश की जनता देख रही है उसे भाजपा की कथनी और करनी का अंतर भली-भांति समझ आ चुका है और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री को व्यंग्य और तंज़ कसने की जगह नादौन के लिए कुछ करके दिखाना चाहिए ।