
शराब पीकर घर आने की बात पर हुआ विवाद, पति ने पीट-पीटकर पत्नी की कर दी हत्या
अनूपपुर के लखनपुर गांव में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, 25 वर्षीय आरोपी पति गिरफ्तार
अनूपपुर। जिले के लखनपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की कथित तौर पर उसके पति द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शराब पीने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें उसकी जान चली गई। सोमवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम लखनपुर में यह वारदात बीती रात हुई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई करते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति रामभुवन बैगा (25) ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी रिंकी बैगा शराब पीकर घर आई थी। इसी बात को लेकर उसने पत्नी से शराब पीने के संबंध में सवाल किया। जवाब नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रामभुवन बैगा को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
#अनूपपुर #लखनपुर #CrimeNews #MadhyaPradesh #BSP24News