
पूर्व सैनिकों ने समस्याओं को लेकर खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
.
#हरदोई। हरदोई पूर्व सैनिक वेल्फेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में पूर्व सैनिकों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। संगठन के जिलाध्यक्ष कैप्टन अशोक कुमार अग्निहोत्री के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कैप्टन श्री अग्निहोत्री ने कहा कि शासन की कथनी और करनी में काफी अंतर दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि कई पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंसों को एनडीएएल (NDAL) कोड मिल चुका है, लेकिन एनओसी न मिलने के कारण ये लाइसेंस न तो जिले के रिकॉर्ड में दर्ज हो पा रहे हैं और न ही उनका नवीनीकरण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है तथा पुलिस राजस्व मामलों में हस्तक्षेप कर रही है, जो उचित नहीं है। इसके अलावा नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों द्वारा आवंटित की जाने वाली दुकानों में युद्ध विधवाओं एवं पूर्व सैनिकों को आरक्षण का लाभ दिए जाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने सदर उपजिलाधिकारी से मुलाकात कर पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक शनिवार को सुनवाई का दिन निर्धारित करने का अनुरोध किया। उपजिलाधिकारी ने इस मांग को स्वीकार करते हुए शनिवार का दिन तय कर दिया। पूर्व सैनिकों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jun 22, 2026