पुल से टकराई स्कॉर्पियो और सीधे नदी में जा गिरी, एक ही गांव के 6 लोगों की मौत
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
नई दिल्ली। बिहार के अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे। हादसा उस समय हुआ, जब तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीडी पुल से टकराकर नदी में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग सिकटी प्रखंड के भपटिया गांव में संजय विश्वास के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गये थे। वहां से स्कॉर्पियो से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों और ताराबाड़ी पुलिस की मदद से सभी को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और बताया कि सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जा रहा है।