
डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने रोहतक गेट स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी के मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
*पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से कुल 54,000/- रुपये बरामद, चोरी का सामान खरीदने वाला तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने रोहतक गेट स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
*मामले का विवरण:*
शिकायतकर्ता ललित निवासी लेघा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दिनांक 17.10. 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर वहां रखे मोबाइल फोन, मदरबोर्ड व डीवीआर चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र, भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
*दो आरोपियों को चंडीगढ़ से किया गिरफ्तार:*
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने दिनांक 21.10. 2026 को चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल पुत्र राजकुमार, निवासी नया गांव, जिला मोहाली, हाल निवासी सेक्टर-25, चंडीगढ़ तथा तेजपाल पुत्र संजीव कुमार, निवासी सेक्टर-25, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने दिनांक 22.10.2026 को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपी अनिल से 27,500 रुपये तथा आरोपी तेजपाल से 26,500 रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 54,000 रुपये की बरामदगी की गई।
*चोरी का सामान खरीदने वाला तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार:*
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक 22.10.2026 को चोरी के मोबाइल फोन खरीदने के मामले में तीसरे आरोपी को भी चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान शाहीन पुत्र बुरे शाह, निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
*प्रारंभिक पूछताछ में हुआ खुलासा:*
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अनिल कुछ महीने पहले उक्त मोबाइल की दुकान पर काम करता था, लेकिन बाद में उसने काम छोड़ दिया था। इसके बाद उसने अपने साथी तेजपाल के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में तीसरे आरोपी शाहीन की भूमिका चोरी के मोबाइल फोन खरीदने के संबंध में सामने आई है।
पुलिस टीम द्वारा तीनों आरोपियों को आज दिनांक 23.10. 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।
Uklana, Hissar | Oct 23, 2026