
चौकी भाड़ावास गेट पुलिस की मुस्तैदी#बड़ा तालाब#हनुमान मंदिर चोरी मामले का महज़ कुछ ही घंटों में पर्दाफाश,शत-प्रतिशत रिकवरी के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी भाड़ावास गेट पुलिस टीम ने त्वरित और मुस्तैद से कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोहल्ला बड़ा तालाब स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का महज़ कुछ ही घंटों के भीतर पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत 5,620/- रुपये की राशि भी बरामद कर ली है।गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रोहित निवासी गांव खानपुर खुर्द, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
*घटना का विवरण:*
जांचकर्ता ने बताया कि मोहल्ला बड़ा तालाब रेवाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी कुनाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि गत 15 अगस्त की रात समय करीब 11:00 बजे वह मंदिर के पट बंद करके अपने घर चला गया था। रात में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के दौरान उसे मंदिर परिसर में संदिग्ध हलचल दिखाई दी।
जब वह तुरंत मंदिर पहुंचा, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। जैसे ही उसने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की तो अंदर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गया। मंदिर के भीतर जाकर देखने पर दानपात्र का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखी पूरी दान राशि गायब थी।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी:*
जिस पर पुलिस द्वारा थाना शहर रेवाड़ी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी भाड़ावास गेट पुलिस ने तुरंत अपनी टीमों को सक्रिय किया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित को महज़ कुछ ही घंटों में धर दबोचा लिया।
आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
*रेवाड़ी पुलिस की आमजन से अपील:*
रेवाड़ी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने आसपास, धार्मिक स्थलों या मोहल्ले में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति को देखते ही तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल 112 पर सूचित करें, ताकि अपराधों पर समय रहते प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके। सुरक्षा ही सतर्कता है।
Rewari, Rewari | Aug 16, 2026