सफाई के बाद कूड़ा उठाने की बजाय खुले में लगाई आग, पंजाबी मार्केट के लोगों ने जताई नाराजगी
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
रेवाड़ी। शहर के पॉश इलाके पंजाबी मार्केट में सफाई व्यवस्था को लेकर एक वीडियो सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई करने के बाद कूड़ा उठाकर ले जाने की बजाय उसे खुले में इकट्ठा कर आग लगा दी गई। वीडियो में सफाई कर्मचारी द्वारा कूड़े में आग लगाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में खुले में कूड़ा जलाना गंभीर लापरवाही हो सकती है। आग की एक चिंगारी आसपास की दुकानों या अन्य सामान तक पहुंचने पर बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा कूड़ा जलने से निकलने वाला धुआं भी आसपास के लोगों और दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बनता है।
पंजाबी मार्केट के लोगों ने वीडियो बनाकर जिला नगर आयुक्त (DMC) को भेजा है और मामले में कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सफाई के बाद कूड़े को निर्धारित स्थान पर उठाकर ले जाने की व्यवस्था होनी चाहिए, न कि खुले में कूड़ा जलाया जाए।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों की मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत करने और बाजारों में खुले में कूड़ा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि वीडियो सामने आने के बाद नगर परिषद और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
Rewari, Rewari | Sep 22, 2026