
#नालंदा - दुर्गा पूजा में दहशत फैलाने की तैयारी! टाउन हॉल से देशी कट्टा और गोली के साथ युवक गिरफ्तार
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
परवलपुर थाना क्षेत्र के अलामा टाउन हॉल के प्रथम तल से पुलिस ने रविवार की रात एक युवक को देशी कट्टा और एक जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान विजयपुरा गांव निवासी अजय प्रसाद के पुत्र गुलशन कुमार (18) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में सदर डीएसपी 2 ने बताया कि युवक ने पूछताछ के दौरान दुर्गा पूजा के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार रखने की बात बताई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 9:20 बजे थानाध्यक्ष रोशन कुमार को सूचना मिली कि अलामा टाउन हॉल के प्रथम तल पर एक युवक कमर में कट्टा रखे हुए है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने टाउन हॉल के प्रथम तल से संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में परवलपुर थाना कांड संख्या 181/26, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26 में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
छापेमारी दल में परवलपुर थानाध्यक्ष रोशन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विपिन पाल, सिपाही 749 रंजन कुमार और सिपाही 2196 अंकित स्वराज शामिल थे।
Rahui, Nalanda | Oct 19, 2026