
कृषि विज्ञान केन्द्र ने किसानों को जारी की फसल एवं मौसम संबंधी सलाह
-
कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा किसानों के लिए आगामी दिनों के मौसम पूर्वानुमान एवं फसल सुरक्षा संबंधी सलाह जारी की गई है। जारी सलाह के अनुसार उड़द, मूंग, तिल एवं सोयाबीन की फसलों में पत्ती भक्षक कीट तथा सफेद मक्खी का प्रकोप देखा जा रहा है। इसके नियंत्रण के लिए किसानों को क्विनालफॉस 25 ई.सी. दवा की 2 मिलीलीटर मात्रा प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर मौसम साफ रहने पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी चार दिनों के दौरान जिले में हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा आसमान में 75 से 100 प्रतिशत तक बादल छाए रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवा की औसत गति 7 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों में कीट एवं व्याधियों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। जिन पौधों पर झुंड में अंडे या इल्ली दिखाई दें, उन्हें खेत से उखाड़कर नष्ट कर दें। साथ ही खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखें।
धान की फसल में प्लांट हॉपर कीट का प्रकोप देखा जा रहा है। इसके नियंत्रण के लिए कार्बारिल 10 डी 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर अथवा मिथाइल डेमेटोन 25 ईसी की 1000 मिलीलीटर मात्रा प्रति हेक्टेयर की दर से मौसम साफ रहने पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
लगातार वर्षा के कारण अरवी एवं अदरक की फसल में कंद गलन रोग के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। किसानों को फसल का निरीक्षण कर रोग दिखाई देने पर रिडोमिल दवा की 1.5 से 2 मिलीलीटर मात्रा प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर जड़ों के आसपास उपचार करने तथा खेत में पानी का जमाव नहीं होने देने की सलाह दी गई है।
बैंगन एवं भिंडी की फसल में फल वेधक कीट के प्रकोप को देखते हुए फ्लुबेंडियामाइड 20 डब्ल्यूडीजी दवा की 0.8 ग्राम मात्रा प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर मौसम साफ होने पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। साथ ही छिड़काव के बाद सात दिनों तक सब्जियों की तुड़ाई नहीं करने का सुझाव दिया गया है।
फल बागानों में वर्षा को देखते हुए जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने तथा अमरूद के पौधों में तने के पास निकलने वाली अतिरिक्त शाखाओं की छंटाई करने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को दूधारू पशुओं को हरे चारे के साथ सूखा चारा 50-50 के अनुपात में खिलाने तथा प्रतिदिन 20 से 30 ग्राम खनिज मिश्रण एवं नमक देने की भी सलाह दी गई है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh