#डीग_पुलिस_की_बड़ी_कामयाबी..
भरतपुर। डीग जिले की जनूथर थाना पुलिस ने स्विफ्ट कार से 10 किलो 320 ग्राम गांजे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार पर CISF लिखा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक यूपी नंबर की कार का मालिक देवेंद्र कुमार पुत्र जगदीश है। वह मथुरा जिले के गोवर्धन इलाके का रहने वाला है और रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जनूथर आया था। गिरफ्तार युवक उसके साले बताए गए हैं। वे उससे कार मांगकर ले गए थे। कार मालिक ने कहा कि उसे गाड़ी का इस्तेमाल गांजा तस्करी में होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जनूथर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिन्टू (23) पुत्र मुकेश और मोनू कुमार (26) पुत्र साहब सिंह के रूप में हुई है। दोनों जनूथर के रहने वाले हैं। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। कार आरोपियों तक कैसे पहुंची और उस पर CISF क्यों लिखा था, इसकी भी जांच की जा रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 23, 2026