चेन स्नैचिंग का मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी दबोचा
गंगापुर सिटी। उदेईमोड़ थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर नबी खान और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार भगवानसहाय सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात से संबंधित माल/मशरूका भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को सुनीता मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपना इलाज करवाकर पैदल घर लौट रही थीं। सालोदा ब्रिज के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़कर फरार हो गया।
वहीं 23 जुलाई 2026 को सैनिक नगर, गंगापुर सिटी में भी घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने आरोपी ने सोने का पैंडल तोड़कर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच टीम गठित की। सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 17 अगस्त को कुड़गांव बस स्टैंड से मुख्य आरोपी नबी खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले भगवानसहाय सोनी को भी गिरफ्तार कर माल बरामद किया।
करीब 12 वारदातों में आरोपी की भूमिका
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी नबी खान के खिलाफ चोरी, नकबजनी और लूट के करीब 12 मामले दर्ज हैं। आरोपी वारदात के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए हुलिया बदलकर मोटरसाइकिल से गलियों में रेकी करता था, फिर अकेली महिलाओं को रास्ता पूछने के बहाने रोककर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अन्य चेन स्नैचिंग वारदातों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ज्येष्टा मैत्रेयी IPS के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायण लाल शर्मा RPS के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी गंगापुरसिटी गिर्राज प्रसाद RPS के निकटतम सुपरविजन में, उदेईमोड़ थाना पुलिस की टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपी
नबी खान, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी कुड़गांव थाना कुड़गांव, जिला करौली — मुख्य आरोपी।
भगवानसहाय सोनी, उम्र करीब 48 वर्ष, निवासी ट्रक यूनियन के पास, गंगापुरसिटी — चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी।