
चुराह के थनेईकोठी के इंडल गांव के समीप लगी भीषण आग, 500 पूले घास और 200 सेब के पेड़ जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान
तीसा। चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत थनेईकोठी क्षेत्र में इंडल गांव के समीप रविवार दोपहर अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से किसानों की सर्दियों के लिए सहेज कर रखी गई घास, मक्की का कूंदू और सेब के बगीचे को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद से प्रभावित परिवारों में मायूसी छाई हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर के समय इंडल गांव के समीप खेतों में आग भड़क उठी। सूखी घास और तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया।
आग की चपेट में आकर भाग सिंह पुत्र हरी लाल की घास के लगभग 500 पूले जल गए। यह घास उन्होंने सर्दियों में पशुओं के चारे के लिए सहेज कर रखी थी। इसके साथ ही उनके करीब 200 सेब के पेड़ भी आग में झुलस गए। सेब के पेड़ों को तैयार करने में किसानों को कई सालों की मेहनत लगी थी, जो एक ही झटके में खाक हो गई। इसके अलावा गांव सुकयानी के कमल पुत्र बैंसू राम का मक्की के 3 कूंदू भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह राख हो गया। किसानों का कहना है कि मक्की का यह कूंदू भी पशुओं के चारे के काम आता था। घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है, जो एक राहत की बात है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। सर्दियों से पहले ही चारा जल जाने से पशुपालकों के सामने अब चारे का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने और नुकसान का आकलन करवाने की मांग की है।
Chamba, Chamba | Nov 10, 2026