
विश्व क्लबफुट दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पिछले दो वर्षों में 49 क्लबफुट पीड़ित बच्चों का सफल उपचार एवं सर्जरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में 3 जून को विश्व क्लबफुट दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय झाबुआ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्लबफुट के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा इसकी शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप ठाकुर ने क्लबफुट के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह एक जन्मजात विकृति है, जिसमें बच्चे के पैर जन्म के समय अंदर की ओर मुड़े होते हैं। यह समस्या लगभग प्रत्येक 800 नवजात शिशुओं में से एक को प्रभावित करती है। उन्होंने बताया कि क्लबफुट का समय पर उपचार संभव है, लेकिन उपचार में देरी होने पर बच्चे को स्थायी विकलांगता का सामना करना पड़ सकता है, जिससे उसके चलने-फिरने में कठिनाई उत्पन्न होती है।
डॉ. ठाकुर ने बताया कि जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान क्लबफुट से पीड़ित 49 बच्चों का सफल उपचार एवं आवश्यक सर्जरी की गई है, जिससे उन्हें सामान्य जीवन जीने में सहायता मिली है।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी, अनुष्का फाउंडेशन से श्री शुभम चंदौरे, क्लबफुट से पीड़ित बच्चों के परिवारजन एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे। उपस्थितजनों को क्लबफुट की पहचान, उपचार प्रक्रिया एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP