आरोह-2026: खिलाड़ियों ने सीखे लीडरशिप एवं टीमवर्क के गुर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पुलिस विभाग, आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं विभिन्न खेल संघों के सहयोग से आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर "आरोह-2026" का संचालन 15 मई से 15 जून 2026 तक जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों पर किया जा रहा है। शिविर का आयोजन कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार के मार्गदर्शन में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकालीन सत्रों में किया जा रहा है।
जिला खेल अधिकारी श्री विजय कुमार सलाम ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं प्रोफाइलिंग करना, व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता का निर्माण करना तथा युवाओं को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक बनाना है। साथ ही परिवार एवं समाज को फिटनेस और खेल संस्कृति से जोड़ने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 02 जून 2026 को जिला मुख्यालय झाबुआ स्थित पुलिस लाइन सामुदायिक भवन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए व्यक्तित्व विकास, लीडरशिप, टीमवर्क एवं मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष श्री मनोज पाठक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन एक घंटे का खेल शरीर को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं फिट बनाए रखने में सहायक होता है। टीमवर्क के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी टीम में प्रत्येक सदस्य की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और सफलता सहयोग, विश्वास तथा सामूहिक प्रयासों से ही प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने खिलाड़ियों को एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करने, अपनी गलतियों से सीखने तथा टीम की ताकत बनने का संदेश दिया।
श्री जिमी निर्मल ने खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने, संतुलित आहार अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर जागरूक किया।
कार्यक्रम में व्यायाम निर्देशक श्री नरेशराज पुरोहित, हैंडबॉल प्रशिक्षक श्री अवलोक शर्मा, एथलेटिक्स प्रशिक्षक सुश्री शिफाली मसीह, तीरंदाजी प्रशिक्षक श्री जयन्तीलाल परमार, श्री जेवेन्द्र बोराडे, खो-खो प्रशिक्षक सुश्री रजनी पाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी बालक एवं बालिकाएं उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP