
फ्री फायर गेम का लिंक बना साइबर ठगी का जाल, महुली पुलिस ने लौटाए ₹6,999
संतकबीरनगर। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे “क्रैक साइबर क्राइम अभियान” के तहत संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना महुली की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तकनीकी और बैंकिंग स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के शिकार व्यक्ति की ₹6,999 की पूरी धनराशि वापस करा दी।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।भैसही उर्फ भैसहिया निवासी अभिषेक यादव ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक पर फ्री फायर गेम से संबंधित लिंक भेजकर लॉगिन कराया और इसी के जरिए उनके खाते से धनराशि ट्रांसफर कर ली गई। मामले में पीड़ित ने 15 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कर पुलिस से मदद मांगी थी।शिकायत मिलते ही थाना महुली पुलिस और साइबर हेल्प टीम ने संबंधित बैंकिंग एवं तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई शुरू की। टीम के लगातार प्रयासों के बाद 25 सितंबर 2026 को पीड़ित के खाते में ₹6,999 की पूरी रकम वापस करा दी गई।अपनी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने संतकबीरनगर पुलिस के प्रति आभार जताते हुए पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय, साइबर प्रभारी अनुज कुमार यादव, कांस्टेबल अंकित पटेल, सोनू यादव और मनोज यादव शामिल रहे।