
Jehanabad: मखदुमपुर पुलिस को देख भागा युवक, घर की अलमारी से मिला देसी कट्टा और कारतूस, अवैध हथियारों का खुलासा
जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। नियमित गश्त के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे युवक को पकड़ने के बाद जब उसके घर की तलाशी ली गई तो अलमारी से देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मखदुमपुर थाना पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान मखदुमपुर डीह निवासी राहुल कुमार पुलिस टीम को देखकर अचानक घबरा गया और वहां से भागने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस उसे साथ लेकर उसके पैतृक घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। घर में रखी गोदरेज अलमारी की जांच के दौरान पुलिस को एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक लोहे का फाइटर बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने राहुल कुमार को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
#BREAKING #jehanabad #JehanabadNews