
#बालाघाट
कुंडेकसा, कोरका और बोंदारी सहित 40 गांवों में स्वास्थ्य सर्वे जारी, 3811 लोगों की हुई जांच
अब तक 201 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे, 28 का उपचार जारी
बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्राम कुंडेकसा, कोरका एवं बोंदारी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर स्वास्थ्य सर्वे एवं उपचार की कार्रवाई लगातार जारी है। 23 अगस्त 2026 की प्रतिदिन सर्वे रिपोर्ट के अनुसार अब तक कुल 3811 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
सर्वे के दौरान 320 मलेरिया रोगी, 155 दस्त से पीड़ित, 146 शरीर पर दाने के साथ बुखार से पीड़ित तथा 177 चर्म रोग से प्रभावित मरीज पाए गए हैं। इन बीमारियों सहित कुल 798 मरीजों की पहचान की गई है। इनमें से 569 मरीजों का घर पर उपचार किया गया, जबकि 229 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में से अब तक 201 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 28 मरीजों का उपचार अभी जारी है। रिपोर्ट के अनुसार 23 अगस्त को 12 नए मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए, वहीं उपचार के बाद 5 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को एहतियात के तौर पर भर्ती कराया गया है और सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित ग्रामों में लगातार निगरानी रखते हुए मरीजों की जांच, उपचार और आवश्यकतानुसार अस्पताल में भर्ती करने की कार्रवाई कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
#WelfareTribal