
अचानक सामने आया मवेशी, बाइक अनियंत्रित होने से 17 वर्षीय युवक गंभीर घायल
मीठड़ी सीएचसी से महज 13 मिनट में डीडवाना अस्पताल पहुंचाया गया घायल युवक
108 एंबुलेंस के पायलट मुकेश गांधी और ईएमटी जितेंद्र कुमावत ने दिखाई तत्परता
डीडवाना क्षेत्र के मीठड़ी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होने से एक 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर अचानक आवारा मवेशी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद 108 एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता से घायल युवक को रिकॉर्ड समय में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीठड़ी निवासी 17 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र मदन लाल अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक मवेशी सामने आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना के बाद घायल को तुरंत मीठड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीडवाना राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया।सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट मुकेश गांधी और ईएमटी जितेंद्र कुमावत ने बिना समय गंवाए मुस्तैदी दिखाई। एंबुलेंस टीम ने विषम परिस्थितियों और यातायात के बावजूद मीठड़ी सीएचसी से डीडवाना अस्पताल की दूरी महज 13 मिनट में तय कर मरीज को अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। समय पर मिली इस चिकित्सा सहायता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
Didwana, Nagaur | Nov 10, 2026