
राष्ट्रपति भवन में गूंजी उत्तराखंड की ऐपण कला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हेमलता कबड़वाल की कलाकृति का किया अवलोकन
**हल्द्वानी।** उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला ऐपण को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में जुटी युवा लोक कलाकार हेमलता कबड़वाल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें राष्ट्रपति भवन में आयोजित प्रतिष्ठित *Artists-in-Residence Programme* में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी कलाकृति का अवलोकन किया।
22 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हेमलता कबड़वाल ने 14 दिनों तक राष्ट्रपति भवन में रहकर 'विकसित भारत' की थीम पर आधारित अपनी कलाकृति तैयार की। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पारंपरिक एवं लोक कलाकारों ने अपनी क्षेत्रीय कला और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों से मुलाकात कर उनकी कलाकृतियों का अवलोकन किया। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस मुलाकात और कलाकारों की कला को साझा किया गया, जिसमें उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला को भी स्थान मिला।
### 10 से 12 वर्षों से ऐपण कला के संरक्षण में जुटी हैं हेमलता
हेमलता कबड़वाल पिछले 10 से 12 वर्षों से उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही हैं। उनका प्रयास है कि ऐपण कला को केवल घरों के आंगन और पूजा-अनुष्ठानों तक सीमित न रखकर आधुनिक कला और समकालीन विषयों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने पारंपरिक प्रतीकों, लोक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक कलात्मक स्वरूप देकर ऐपण कला को नई पहचान देने का प्रयास किया है।
### नए संसद भवन समेत कई राष्ट्रीय मंचों पर कर चुकी हैं प्रतिनिधित्व
हेमलता कबड़वाल इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजनाओं में उत्तराखंड की लोककला का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्हें नए संसद भवन से जुड़ी कला परियोजना में योगदान देने का अवसर मिला। इसके अलावा उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) सहित विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर स्थानीय लोक परंपराओं के साथ काम करना भी उनकी कला यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। वहीं, उन्होंने Sleepwell (Sheela Foam) की एथनिक कलेक्शन मैट्रेस डिजाइन परियोजना में इलस्ट्रेटर के रूप में भी योगदान दिया है।
### नई पीढ़ी तक पहुंचाना चाहती हैं उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत
हेमलता कबड़वाल का मानना है कि ऐपण महज सजावट की कला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन की पहचान है। इस कला के माध्यम से पहाड़ की महिलाओं की रचनात्मकता और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत को भी अभिव्यक्ति मिलती है।
राष्ट्रपति भवन में विकसित भारत की थीम पर अपनी कलाकृति प्रस्तुत करना उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को देश के सर्वोच्च संवैधानिक परिसर में प्रदर्शित करने का गौरवपूर्ण अवसर रहा।
हेमलता कबड़वाल की यह उपलब्धि उत्तराखंड के लोक कलाकारों और विशेषकर युवा एवं महिला कलाकारों के लिए प्रेरणा का संदेश है। उनकी इस उपलब्धि से एक बार फिर उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।
#Uttarakhand #AipanArt #HemlataKabbarwal #PresidentHouse #DroupadiMurmu #UttarakhandCulture #लोककला #ऐपणकला #उत्तराखंड #Nainital #Haldwani