
जमीनी विवाद में हुई मारपीट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या की धारा बढ़ी
हरदोई। थाना बेहटा गोकुल पुलिस ने जमीनी विवाद में हुई मारपीट और बाद में घायल व्यक्ति की मृत्यु के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लोहे की बर्मी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि शिरोमणि नगर में दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि विद्या प्रकाश अग्निहोत्री और श्याम अग्निहोत्री के बीच भूमि विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें विद्या प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के संबंध में थाना बेहटा गोकुल में मुकदमा संख्या 207/2026 धारा 109(1), 115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। उपचार के दौरान 19 जून को लखनऊ में विद्या प्रकाश की मृत्यु हो जाने के बाद मामले में धारा 103(1) बीएनएस भी बढ़ा दी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्यामजी पुत्र राजकुमार तथा आनंद उर्फ पिंकू पुत्र शिवकुमार निवासी शिरोमणि नगर, थाना बेहटा गोकुल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक बांस का डंडा एवं एक लोहे की बर्मी बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
Bilgram, Hardoi | Jun 21, 2026