
बेगूसराय में स्नातक चुनाव को लेकर मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर स्लो वोटिंग को लेकर भाजपा उम्मीदवार सह विधान पार्षद सर्वेश कुमार भड़क गए। उन्होंने मतदान केंद्र पर मौजूद एसडीओ के साथ जमकर कहासुनी की। इधर हंगामे की सूचना पर पहुंचे डीएम रिची पांडे, एसपी मनीष कुमार ने हालत को संभाला। बीजेपी प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने भड़कते हुए मतदान केंद्र को कैंसिल करने की मांग कर दी।
स्लो वोटिंग की शिकायत पर भड़के बीजेपी प्रत्याशी सर्वेश कुमार
दरअसल दिनकर कला भवन में स्नातक निर्वाचन चुनाव के दौरान स्लो वोटिंग हो रही थी। जब बीजेपी एमएलसी स्नातक उम्मीदवार सर्वेश सिंह मतदान केंद्र पहुंचे तो वहां मौजूद उनके समर्थकों ने इसकी शिकायत की। इसके बाद सर्वेश कुमार ने मतदान की धीमी प्रक्रिया पर नाराजगी जाहिर की। सर्वेश कुमार ने आरोप लगाया कि मतदाता तीन-तीन घंटे से लाइन में खड़े हैं, और करीब डेढ़ सौ मतदाताओं की कतार लगी हुई है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस बूथ को रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की।
एसडीओ अश्विनी कुमार के साथ सर्वेश कुमार ने की कहासुनी
इस दौरान मतदान केंद्र पर सदर एसडीओ अश्विनी कुमार भी पहुंचे, जिनके साथ सर्वेश कुमार की काफी कहासुनी हुई। इस दौरान सर्वेश कुमार ने कहा कि आप अभी बच्चे हो, मतदान केंद्र पर कतार लंबी है तो इसकी व्यवस्था करनी चाहिए। अलग से मतदान कर्मी को लगाना चाहिए, लेकिन व्यवस्था नहीं है। घंटों से मतदाता कतार में लगे हुए हैं।
डीएम ने अतिरिक्त मतदान कर्मी को लगाया
इस दौरान बूथ पर हंगामे की सूचना पर डीएम रिची पांडे, एसपी मनीष कुमार दल बल के साथ पहुंचे। उन्होंने मामले का शांत कराया। बाद में डीएम ने अतिरिक्त मतदान कर्मी को लगाते हुए ऑफिसर की तैनाती की है। इस दौरान प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने कहा यहां वोटिंग बहुत स्लो है मैं इलेक्शन कमीशन से अपील करता हूं कि बूथ को कैंसिल करो और यहां से दोबारा मतदान कराया जाए। यहां काफी लोग लाइन में लगे हैं। घंटों लाइन में रखेंगे वोटर को, यह गलत हो रहा है। हमारी मांग है इस बूथ को कैंसिल किया जाए।
जो 4 बजे तक आ जाएगा, उन सबकी वोटिंग कराई जाएगी: डीएम
वहीं डीएम रिची पांडेय ने बताया कि चुनाव चल रहा है। यहां पर मतदाताओं की संख्या अधिक है। 14 सौ से ज्यादा मतदाता है। 40 कैंडिडेट थे। सुबह में यहां हम देखकर गए थे। भीड़ कम थी। 11:00 बजे के बाद भीड़ ज्यादा हो गई। इसलिए थोड़ी सी समस्या हो रही थी। वोटिंग परसेंटेज को लेकर हमने अलग से अतिरिक्त मतदान कर्मी दिया है और ऑफिसर को लगाया गया है। अब किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। मतदाता मताधिकार का प्रयोग करें 4:00 बजे तक जो यहां आ जाएंगे, उन्हें सबको वोटिंग कराई जाएगी।
भगवानपुर प्रखंड कार्यालय मतदान केंद्र पर महिला-पुरुष की एक ही लाइन
दरअसल मतदान केंद्र पर कई जगह कुव्यवस्था देखने को मिली। भगवानपुर प्रखंड कार्यालय मतदान केंद्र पर महिला और पुरुष की एक ही कतार लगा दी गई थी। इस वजह से महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, क्योंकि एक लंबी कतार में जगह-जगह महिलाओं के साथ पुरुष कतार में लगे थे। इस वजह से महिलाओं को दिक्कत हो रही थी। वहीं कई मतदान केंद्रों पर स्लो वोटिंग की वजह से भी मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। #BiharMLCElection #NBTBihar #Begusarai #BJP
Chapra, Saran | Oct 23, 2026