
*जयपुर: नगर निगम की कार्रवाई पर बवाल, नोटिस न देने और RI पर धमकी के आरोप*
जयपुर से कमलेश आमेटा
*जयपुर, 2 जून।* आगरा रोड स्थित राजेश कोच के पास कृष्णा ढाबा के नजदीक नगर निगम द्वारा की गई कार्रवाई अब विवादों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई से पहले उन्हें किसी प्रकार का नोटिस नहीं दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे नगर निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर जगदीश मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि भूमि विवाद से जुड़े कुछ लोगों के साथ उनकी तीखी बहस हुई और बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
विवाद उस समय और गहरा गया जब कार्रवाई के दौरान एक पत्रकार ने निगम अधिकारियों से नोटिस संबंधी प्रक्रिया को लेकर सवाल पूछे। पत्रकार का आरोप है कि जवाब देने के बजाय RI जगदीश ने पत्रकारिता को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि "2 साल का डिप्लोमा करने वाले पत्रकार नहीं कहलाते।" साथ ही पत्रकार ने इशारों-इशारों में चाकू मारने जैसी धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उस समय मौके पर मौजूद करीब 10 से 15 लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्रवाई नियमानुसार की गई थी तो नोटिस जारी करने और कानूनी प्रक्रिया के पालन की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। वहीं पत्रकारों का कहना है कि जनहित से जुड़े मामलों में सवाल पूछना उनका अधिकार है।
पूरा मामला अब नगर निगम की कार्यप्रणाली, कार्रवाई की पारदर्शिता और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है।