
अलवर में छात्राओं के साथ बांध में नहाते दिखे स्कूल प्रिंसिपल, वीडियो वायरल
अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का छात्राओं के साथ बांध में नहाते हुए वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो थानागाजी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पड़ाकछापली से जुड़ा बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में प्रिंसिपल 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ भड़ाज बांध में नहाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल ने छात्राओं को गोद में लेकर पानी में नहाया। साथ ही, प्रिंसिपल के शराब के नशे में होने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
तैराकी सिखाने के नाम पर बांध ले जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं को जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर भड़ाज बांध ले जाया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को भ्रमण और तैराकी सिखाने के नाम पर बांध ले जाया गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को पानी में उतारते समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। उनका कहना है कि कई बच्चों को तैरना नहीं आता था और बांध क्षेत्र में पहले भी हादसे हो चुके हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण स्कूल पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए हैं।
थाना प्रभारी राजकुमार मीणा के अनुसार, अभी तक किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
#Alwar #RajasthanNews #AlwarNews #SchoolPrincipal #ViralVideo #SchoolNews #Rajasthan #Thanagazi