
*दौसा की पुलिस टीम को मिलेगा 25 हजार रुपयों का नकद इनाम*
जयपुर से कमलेश आमेटा
जयपुर, 2 जून। राजस्थान पुलिस की सीआईडी (अपराध शाखा) ने वर्ष 2016 में दर्ज एक मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को नकद पुरस्कार घोषित किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, सीआईडी (अपराध) राजस्थान, जयपुर बिपीन कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल ₹25,000 की इनाम राशि संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वितरित की जाएगी।
आदेश के अनुसार मानव तस्करी विरोधी यूनिट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दौसा से जुड़े चार अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रत्येक को ₹ 6250 की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। सम्मानित अधिकारियों में मानव तस्करी विरोधी यूनिट के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक दीपक कुमार, एसटी—एससी सेल के हेड कांस्टेबल नवीन कुमार, पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय के हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत तथा एसटी—एससी सेल के कांस्टेबल भगवान सहाय शामिल हैं।
*यह था मामला
मामला दौसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर संख्या 145/2016 (धारा 365 भादंसं) से संबंधित था। इस प्रकरण में गुमशुदा युवक सुरेश मीणा पुत्र रामप्रताप मीणा, निवासी शाहजानपुर, ग्राम पोस्ट राहुवास पुलिस थाना रामगढ़ पचवारा, जिला दौसा की दस्तयाबी एवं मामले के खुलासे में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को घोषित इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा।