
अमरकंटक में 22 वर्षीय युवक की मौत, प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की आशंका; परिवार के सामने आर्थिक संकट की चिंता
अनूपपुर जिले के अमरकंटक में 22 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजनों के सामने अब आर्थिक संकट की चिंता भी खड़ी हो गई है।
नमस्कार, अमरकंटक में गुरुवार 12 नवंबर की सुबह एक युवक की मौत की खबर सामने आई। मृतक की पहचान अतुल चौधरी, उम्र 22 वर्ष, पिता स्व सुंदरलाल चौधरी निवासी बैंकटोला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतुल का बाराती क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। युवती के अनुसार, अतुल उसे अपने साथ सूरत जाने के लिए कह रहा था, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों और घरवालों की असहमति के चलते युवती फिलहाल उसके साथ जाने को तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है।
युवती के बताए घटनाक्रम के मुताबिक, गुरुवार सुबह लगभग 5 से 6 बजे के बीच जब वह कुछ देर के लिए कमरे से बाहर गई थी, इसी दौरान अतुल ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ मिनट बाद जब युवती वापस कमरे में पहुंची तो युवक को इस हालत में देखकर घबरा गई। उसने उसे बचाने का प्रयास किया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार, अतुल के पिता नहीं हैं और परिवार में एक छोटा भाई भी है। ऐसे में अतुल की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक चुनौतियां और बढ़ने की आशंका है। परिजन आर्थिक सहायता की गुहार लगा रहे हैं।
वहीं, युवती भी अस्पताल पहुंची थी और उसने अपने स्तर पर घटनाक्रम की जानकारी दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर भी परिजन विचार कर रहे हैं।
फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात फिलहाल युवती के बताए घटनाक्रम पर आधारित है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी और पोस्टमार्टम के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#Amarkantak #AnuppurNews #BSP24News