बकस्वाहा के मड़देवरा की बेटी आस्था जैन को सांख्यिकी में मिली पीएचडी की उपाधि
बकस्वाहा। क्षेत्र के ग्राम मड़देवरा निवासी एवं हरदा शासकीय महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत आस्था जैन को डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर द्वारा सांख्यिकी विषय में पीएचडी (विद्यावाचस्पति) की उपाधि प्रदान की गई है। अंतिम मौखिक परीक्षा (वाइवा) में उनके शोध कार्य की सराहना के बाद विश्वविद्यालय ने उपाधि प्रदान करने की अधिसूचना जारी की।
आस्था जैन स्मृतिशेष स्वरूप चंद्र जैन पीटीआई की नातिन तथा नैनागिरि जैन स्कूल के प्राचार्य सुमति प्रकाश जैन एवं शिक्षिका रजनी जैन की सुपुत्री हैं। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से स्कूली शिक्षा तथा सागर और इंदौर विश्वविद्यालयों से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
अध्यापन के साथ शोध कार्य पूरा कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से परिवार, ग्राम मड़देवरा और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।