मढ़देवरा में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, मौके पर पहुंचे तहसीलदार और एसडीओपी
बकस्वाहा। बकस्वाहा थाना क्षेत्र के मढ़देवरा गांव में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं और ग्रामीणों का आक्रोश लगातार जारी है। मंगलवार को एक बार फिर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर शराब दुकान को गांव से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार त्रिलोक सिंह पोषाम, एसडीओपी प्रकाश मिश्रा, थाना प्रभारी प्रशांत सेन सहित आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि शराब दुकान को जल्द से जल्द गांव से हटाकर दूसरी जगह संचालित किया जाए। ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई करते हुए शराब दुकान का स्थान बदलने के संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
Buxwaha, Chhatarpur | Nov 10, 2026