बागेश्वर धाम में राष्ट्रभक्ति के रंग में मनी दीपावली, शहीदों के नाम प्रज्वलित हुए 11 हजार दीप
बागेश्वर धाम। बागेश्वर धाम में दीपावली का पर्व भक्ति, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के संगम के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर बागेश्वर सरकार के साथ देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बालाजी मंदिर, यज्ञशाला और धाम परिसर में देशी घी के 11 हजार दीप प्रज्वलित किए। ये दीप देश के वीर शहीदों और सरहद पर तैनात सैनिकों को समर्पित किए गए।
पूजा-अर्चना और आरती के बाद बागेश्वर सरकार ने भक्तों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक सनातनी अपने घर में दीप जलाए और एक दीप शहीदों के नाम जरूर प्रज्वलित करे। उन्होंने कहा कि सैनिक अपनी खुशियां छोड़कर देशवासियों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं।
इस दीपोत्सव में जम्मू, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। हजारों भक्तों की मौजूदगी में धाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। यह आयोजन आस्था के साथ सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दे गया।
Buxwaha, Chhatarpur | Nov 10, 2026