
बघौली में पुरानी रंजिश को लेकर युवक से गाली-गलौज, मारपीट के प्रयास का आरोप
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम गंगूपुरवा (मजरा पिपोना) में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाना बघौली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम गंगूपुरवा निवासी मिथिलेश पुत्र योगेंद्र पासी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 24 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे गांव के ही कुछ लोग कथित रूप से शराब के नशे में उनके घर के पास पहुंचे। आरोप है कि बबलू व पंकज पुत्रगण श्यामा, राजेश पुत्र बाबू, बाबू, अमित पुत्र चंद्रसेन, लालू तथा हरिनाम पुत्रगण पुजारी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मिथिलेश के भाई अनीस के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है, जिसके चलते इस घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया। घटना के बाद 25 जून को उन्होंने बघौली थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Bilgram, Hardoi | Jun 25, 2026