
गांधी जयंती पर डीएम साहिला ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा का लिया संकल्प
बक्सर । गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित वाटिका एवं कँवलदह पोखर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
इस अवसर पर डीएम साहिला ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता और जनसेवा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में स्वच्छता, सद्भाव, अनुशासन और जनहित की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए लोकसेवा में निष्ठा, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जयंती केवल महान व्यक्तित्वों के विचारों के स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में उतारने का भी अवसर है। लोकसेवा से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, वरीय उप समाहर्ता, सदर एसडीएम अविनाश कुमार सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करने तथा जनहित में निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
Buxar, Buxar | Oct 2, 2026