
पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने CM योगी से की मुलाकात, प्रतापगढ़ के विकास के लिए उठाईं तीन बड़ी मांगें
#लखनऊ_प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता संगम लाल गुप्ता ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रतापगढ़ के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए लंबित परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग की।
मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद ने सांगीपुर बाजार और जलेसरगंज बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि दोनों बाजारों को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में सड़क, सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके अलावा प्रतापगढ़ शहर की प्रमुख समस्या चौक जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने इस प्रस्ताव को प्रदेश सरकार के स्तर से जल्द स्वीकृति दिलाकर भारत सरकार को भेजने का अनुरोध किया, ताकि शहरवासियों और राहगीरों को आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सके। पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा कि सांसद पद पर रहें या नहीं, प्रतापगढ़ की जनता की सेवा और जनपद के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाना और विकास की लंबित योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मुलाकात को प्रतापगढ़ के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें सांगीपुर और जलेसरगंज को नगर पंचायत का दर्जा मिलने तथा चौक जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्तावों पर शासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
#pratapgarh #pratapgarhnews #lakhnow #sangamlalgupta