नौका विहार व फूल मंडली दर्शन में सजे श्री सांवरिया सेठ, भक्त हुए भाव-विभोर
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में सोमवार को ठाकुरजी के अलौकिक "नौका विहार एवं फूल मंडली दर्शन" ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मनमोहक झांकी में प्रभु को सुंदर नौका में विराजमान कर यमुना तट के दिव्य नौका विहार का सजीव दर्शन कराया गया।
सफेद मोगरे के सुगंधित फूलों से सजी नौका और फूल मंडली के मध्य विराजित सांवरिया सेठ का आकर्षक श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। पीताम्बरी व नीले वागा, मोर मुकुट और हाथ में बंसी धारण किए ठाकुरजी का स्वरूप अत्यंत मनोहारी नजर आया।
झांकी की पृष्ठभूमि में मंदिर, सरोवर, कमल पुष्प और प्राकृतिक दृश्यों का सुंदर संयोजन भक्तों को वृंदावन की दिव्य अनुभूति करा रहा था। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर "जय श्री सांवरिया सेठ" के जयघोष से गुंजायमान रहा तथा श्रद्धालु प्रभु के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर भाव-विभोर हो उठे।
भक्तों ने इसे अद्भुत, मनमोहक और आत्मिक शांति प्रदान करने वाला दर्शन बताते हुए ठाकुरजी की कृपा का लाभ प्राप्त किया।