सुरंगानी में दर्दनाक हादसा, पैरापिट से गिरने से व्यक्ति की मौत
चंबा- उपमंडल सलूणी के अंतर्गत सुरंगानी बाजार के समीप हथनी मोड़ के पास वीरवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया। सड़क से करीब 40 मीटर नीचे ढांक में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।
मृतक की पहचान कर्म चंद आयु 52वर्ष पुत्र होशियारू राम, निवासी गांव कुमाथा, डाकघर डुगली, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस चौकी सुरंगानी को दी। प्रथम दृष्टया मामला पैरापिट से फिसल कर गिरने से मौत का प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरंगानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Chamba, Chamba | Sep 11, 2026