मूसलाधार बारिश में कच्ची झोपड़ी ढही, दो मासूम बच्चियों की मौत
चंदला। हिनौता थाना क्षेत्र के ग्राम हथौहा के मजरा क्योटरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे भारी बारिश के बीच कच्ची झोपड़ी ढह गई। हादसे में मलबे में दबने से 12 वर्षीय रचना केवट और महज 2 माह की शिवांशी की मौत हो गई। शिवांशी की मां हेमा केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला और चंदला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। घायल हेमा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन की योजनाओं के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। हादसे ने गरीब परिवारों को आवास और बारिश के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।