
दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले के सभी प्रखंडों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त, विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
The silence media news
शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसके मद्देनजर जिले के सभी प्रखंडों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों, संवेदनशील स्थलों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रहे हैं, ताकि पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संवेदनशील स्थलों, धार्मिक जुलूसों के मार्गों तथा मंदिर-मस्जिद के आसपास विशेष चौकसी बरतें। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, तनाव अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी पूजा समितियों एवं अनुज्ञप्तिधारियों को निर्धारित शर्तों का पालन करने, उत्तेजक एवं भड़काऊ गीतों, आपत्तिजनक नारों तथा प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन से परहेज करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी निगरानी
दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो तीन पालियों में 24×7 कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं की निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त संवेदनशील क्षेत्रों, पूजा पंडालों एवं विसर्जन मार्गों पर उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि दुर्गा पूजा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।
जिला प्रशासन स्पष्ट करता है कि पर्व के दौरान शांति एवं सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने अथवा कानून-व्यवस्था बाधित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि दुर्गा पूजा पर्व जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष, औरंगाबाद
दूरभाष संख्या: 06186-295027