एक खबर के इंतजार में सुबह कब दोपहर में बदल गई, पता ही नहीं चला। घड़ी की सुइयां लगातार आगे बढ़ती रहीं, लेकिन पत्रकार की निगाहें अब भी उसी खबर पर टिकी हैं। कभी फोन की घंटी, कभी किसी का इंतजार, कभी अधिकारियों से संपर्क तो कभी घटनास्थल तक की दौड़भाग... यही तो एक पत्रकार की रोजमर्रा की जिंदगी है।
लोगों तक एक खबर पहुंचाने के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ती है, यह शायद वही समझ सकता है जो इस पेशे से जुड़ा है। अपनी भूख-प्यास, आराम और निजी कामों को पीछे छोड़कर दूसरों तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाने की जद्दोजहद जारी रहती है।
कभी सुबह से शाम हो जाती है, कभी एक खबर के पीछे पूरा दिन गुजर जाता है। इंतजार सिर्फ खबर का नहीं होता, बल्कि उस एक सच्चाई का होता है जिसे दुनिया के सामने लाना है।
पत्रकार की जिंदगी भी अजीब है... दूसरों की खबर दुनिया तक पहुंचाते-पहुंचाते कब उसका अपना पूरा दिन गुजर जाता है, उसे खुद भी पता नहीं चलता।
यही है पत्रकारिता... जहां वक्त अपना नहीं होता, दिनचर्या अपनी नहीं होती, लेकिन जिम्मेदारी हमेशा अपनी होती है।