#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में दीपावली के त्यौहार के मद्देनजर अवैध विस्फोटक सामग्री बेचने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दो अलग-अलग मामलों में दीपककुमार और संजय को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 20 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए हैं। थानाधिकारी विनोद मीणा के अनुसार, पहली कार्रवाई में एएसआई राकेश कुमार ने महादेव चौक स्थित आरोपी दीपककुमार के घर दबिश दी, जहां तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए 8 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए। वहीं दूसरी कार्रवाई में एएसआई कुंजबिहारी ने सब्जी मंडी स्थित आरोपी संजय के घर पर दबिश देकर 12 किलो अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रूपवास थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।