
फुल्की खाने से कई हुए बीमार, बीमार लोगों का हाल जानने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम
यूपी: सिद्धार्थनगर खेसरहा थाना क्षेत्र के पेडारी और कलनाखोर गांव में फुल्की खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की घटना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती मरीजों का हाल जाना।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग और पीआईसीयू में पहुंचकर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। डीएम ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एमसीएच विंग में भर्ती पांच मरीजों और पीआईसीयू में उपचाराधीन 17 बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों की स्थिति और अब तक दिए गए उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही आवश्यक दवाएं, जांच और अन्य चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने सीएमएस एवं संबंधित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि सभी भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखी जाए। खासकर बच्चों के इलाज में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और उनकी स्थिति के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमार लोगों के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जैद अब्बासी, डॉ. अबसर, डॉ. राशिद समेत अन्य चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।
Basti, Basti | Nov 9, 2026