
सारण में भीषण सड़क हादसा: विंध्याचल जा रहे श्रद्धालुओं के ऑटो की ट्रक से टक्कर, दो की मौत और चार घायल
✍️ गौरा, सारण। दशहरा के अवसर पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा-मशरक मुख्य पथ (एसएच-90) पर औदालपट्टी माता स्थान के समीप बालू लदे ट्रक और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
🛑 गंगौली निवासी दो लोगों की गई जान
हादसे में मृतकों की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के गंगौली निवासी नर्सिंग पंडित के पुत्र प्रमोद पंडित और नीरज के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में गलिमापुर निवासी विनोद कुमार, मशरक बाजार निवासी शत्रुघ्न शर्मा, गंगौली निवासी रमेश और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
🚑 घायलों को छपरा किया गया रेफर
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और गौरा पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल नगरा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. इकबाल अंसारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए घायलों को छपरा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु सीएनजी ऑटो से मशरक से विंध्याचल जा रहे थे। इसी दौरान औदालपट्टी माता स्थान के पास छपरा की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रक से ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
🚔 ट्रक जब्त, फरार चालक की तलाश में पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही गौरा थानाध्यक्ष महताब खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
💔 धार्मिक यात्रा के दौरान हादसे से मातम
दशहरा के पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
Rahui, Nalanda | Oct 20, 2026