
मुरैना पहुंची एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी, भव्य स्वागत हुआ, खेल प्रेमियों ने शोभायात्रा निकाली👇
मुरैना। मध्यप्रदेश में आयोजित होने जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा हॉकी खेल के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली जा रही विजेता ट्रॉफी यात्रा शनिवार को मुरैना पहुंची। ट्रॉफी के जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
मध्यप्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन भोपाल में 19 से 28 नवम्बर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा, नाथू भोपाल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और प्रदेश में हॉकी के प्रति उत्साह एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए विजेता टीम को प्रदान की जाने वाली ट्रॉफी की यात्रा प्रदेश के सभी 10 संभागों में 10 से 18 नवम्बर तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में ट्रॉफी मुरैना पहुंची।
स्वागत कार्यक्रम में महापौर शारदा सोलंकी, एसपी धर्मराज मीणा, जिला पंचायत के सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, मध्यप्रदेश क्रीड़ा भारती के महामंत्री सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने ट्रॉफी का स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के पश्चात ट्रॉफी को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कराया गया, जिससे आमजन एवं युवाओं में हॉकी खेल के प्रति उत्साह और जागरूकता का संदेश पहुंचे। इसके बाद ट्रॉफी को आगामी कार्यक्रम के लिए जिला सागर रवाना किया गया।