छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए हथियारों और दैनिक उपयोग की सामग्रियों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। जिला बल, बीएसएफ (94वीं वाहिनी) और बीडीएस की संयुक्त टीम ने छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरखंडी के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में सघन सर्चिंग के दौरान इस नक्सल डंप का भंडाफोड़ किया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने इस सफल ऑपरेशन की पुष्टि की है।
मौके से जवानों ने 4 भरमार बंदूकें, 3 बंदूक बैरल, 1 वायरलेस सेट, 1 जीपीएस, सोलर प्लेट, चार्जर, 3 बंडल बिजली के तार और नक्सली साहित्य समेत अन्य सामग्री जब्त की है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बस्तर संभाग के संवेदनशील व सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त तेज कर दी गई है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद रखा जा सके।
#Chhattisgarh #Kanker #Bastar #NaxalDump #SecurityForces #BSF #ChhattisgarhPolice #BreakingNews #BigSuccess #FatafatNews