घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, मां का सिर फूटा और भाभी का हाथ टूटा
छतरपुर। चंदला क्षेत्र के ग्राम सिद्धपुर में घर में घुसकर एक परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में फरियादी की मां कुसुम काली अहिरवार (45) के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि भाभी पूजा अहिरवार (25) का हाथ फ्रैक्चर हो गया। एक अन्य महिला रामकली के दो दांत टूटने का आरोप है।
पीड़ित शिव नारायण अहिरवार ने एसपी को दिए आवेदन में रामेश्वर, वीरेंद्र, भूरा, कालकादीन और विक्रम अहिरवार सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और मोबाइल व नकदी ले जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं। परिवार ने एसपी से निष्पक्ष जांच, गंभीर धाराएं जोड़ने, आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।