
3 साल के बच्चे की गला रेतकर ह+त्या...
सौतेला बाप निकला हत्यारा, मां के प्यार से जलता था
एक मासूम, जिसकी उम्र अभी खेल-कूद और मुस्कुराने की थी, वह पारिवारिक कलह और नफरत का शिकार बन गया। शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर में 3 वर्षीय मासूम को सौतेले पिता ने मार दिया.इस दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।इस मामले में पुलिस ने सौतेले बाप को गिरफ्तार कर लिया है। जिस शख्स को बच्चे का सहारा बनना था, वही उसकी मौत का कारण बन गया।
पुलिस के अनुसार, 21 जून की सुबह घर में उस समय सनसनी फैल गई जब 3 साल के मासूम का शव गला कटा हुआ मिला। शुरुआत में मामला किसी अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन अपराध शाखा सेक्टर-16 की गहन जांच ने पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुशांत, जिसने करीब एक वर्ष पहले बच्चे की मां सुधा से प्रेम विवाह किया था, अपने सौतेले बेटे को पसंद नहीं करता था। बताया जा रहा है कि सुधा अक्सर अपने बेटे से मिलने के लिए मायके आती-जाती थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद रहता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, घटना से दो-तीन दिन पहले आरोपी अपनी पत्नी के साथ शिव दुर्गा विहार आया हुआ था। 21 जून की सुबह मौका मिलते ही उसने चाकू से मासूम का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद सामान्य दिखने की कोशिश करता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।